RIMS News: रिम्स में अब टीबी बैक्टीरिया और दवाओं के असर की होगी विशेष जांच अत्याधुनिक BSL-III लैब का स्वास्थ्य मंत्री ने किया उद्घाटन
रांची: झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और बेहतर बनाने की दिशा में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची में कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने अत्याधुनिक BSL-III माइक्रोबायोलॉजी प्रयोगशाला का उद्घाटन कर इसे राज्य की जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही रिम्स के OPD/IPD भवन के नवीनीकरण एवं विस्तार कार्य का शिलान्यास भी किया गया। इस अवसर पर कांके विधायक सुरेश बैठा भी मौजूद रहे।
2.30 करोड़ रुपये की लागत से बनी BSL-III लैब
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के तहत लगभग 2.30 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक BSL-III माइक्रोबायोलॉजी प्रयोगशाला का निर्माण किया गया है। इस लैब में टीबी की माइकोबैक्टीरियल कल्चर और ड्रग सेंसिटिविटी टेस्टिंग (DST) की सुविधा उपलब्ध होगी।
इससे मल्टी ड्रग रेजिस्टेंट टीबी (MDR-TB) और ड्रग रेजिस्टेंट टीबी (DR-TB) से पीड़ित मरीजों की जांच में मदद मिलेगी। साथ ही जांच के आधार पर मरीजों के लिए प्रभावी उपचार निर्धारित करने में चिकित्सकों को सुविधा होगी।
लैब में जैव-सुरक्षा के लिए Negative Air Pressure, Unidirectional Air Flow और HEPA Filtration जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है। इससे प्रयोगशाला में संक्रमण नियंत्रण और सुरक्षित जांच प्रक्रिया सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
OPD/IPD भवन का होगा नवीनीकरण और विस्तार
रिम्स के आधुनिकीकरण की योजना के तहत OPD/IPD भवन के नवीनीकरण एवं विस्तार कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इस परियोजना का उद्देश्य मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, व्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाएं और आधुनिक क्लिनिकल इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराना है।
परियोजना को आगामी दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके पूरा होने के बाद रिम्स में मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन की व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
Jharkhand समेत देशभर के Important News पायें, Group Join करें
रिम्स को देश के अग्रणी चिकित्सा संस्थानों में शामिल करने का लक्ष्य
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि झारखंड के मरीजों को गंभीर बीमारियों की आधुनिक जांच और बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि रिम्स को आधुनिक डायग्नोस्टिक्स, डिजिटल हेल्थ, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और भविष्य की चिकित्सा तकनीकों से लैस कर देश के अग्रणी चिकित्सा संस्थानों में शामिल करना उनका संकल्प है।
कांके विधायक सुरेश बैठा ने रिम्स में शुरू की गई इन पहलों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान का आधुनिकीकरण झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा प्रदान करेगा।
रिम्स प्रबंधन ने स्वास्थ्य मंत्री की पहल को सराहा
रिम्स के निदेशक प्रो. डॉ. दिपेंद्र कुमार सिन्हा ने स्वास्थ्य मंत्री के विजन और परिणामोन्मुखी कार्यशैली की प्रशंसा की। वहीं, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. हिरेंद्र बिरुवा ने कहा कि नई BSL-III लैब के शुरू होने से मरीजों को महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं राज्य में ही उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रम में डीन प्रो. डॉ. राजीव कुमार मिश्रा, डायरेक्टर मेडिकल एजुकेशन (DME) प्रो. डॉ. प्रदीप भट्टाचार्य, माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. मनोज कुमार, अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेश त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, चिकित्सक, पदाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री का संदेश स्पष्ट रहा कि सेवा और लोगों की जान बचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पहले इंसान, फिर डॉक्टर और उसके बाद नेता होना चाहिए।
Jharkhand समेत देशभर के Important News पायें, Group Join करें