हर्ष एवं उल्‍लास के साथ मनाया गया सीसीएल में स्वतंत्रता दिवस, CCL CMD निलेंदु कुमार सिंह ने गिनाईं CCL की उपलब्धियां

ccl cmd

CCL CMD निलेंदु कुमार सिंह ने 15 अगस्त 2026 को सीसीएल गांधीनगर कॉलोनी स्थित महात्मा गांधी क्रीड़ांगन में ध्वजारोहण कर 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान सीसीएल मुख्यालय सहित कंपनी के सभी क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया गया। CCL CMD ने सुरक्षा बलों एवं विद्यार्थियों की परेड का निरीक्षण किया और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में सीसीएल के निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार, सीआईएसएफ के वरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष, श्रमिक संघों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में सीसीएल कर्मी उपस्थित रहे।

CCL CMD ने वीर शहीदों को किया नमन

अपने संबोधन में CCL CMD निलेंदु कुमार सिंह ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के अतुलनीय पराक्रम को नमन किया।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल आजादी का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह एक महान राष्ट्र के निर्माण के संकल्प का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि सीसीएल देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ नए भारत के निर्माण और झारखंड के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

ccl cmd

Jharkhand समेत देशभर के Important News पायें, Group Join करें

CCL CMD ने ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भरता, नवाचार, समावेशी विकास, पर्यावरणीय संतुलन और सामाजिक न्याय से भी जुड़ा हुआ है।

CCL के कोयला उत्पादन में करीब 20 प्रतिशत की वृद्धि

CCL CMD ने कहा कि सीसीएल देश की ऊर्जा सुरक्षा का एक मजबूत स्तंभ है और कंपनी अपनी उत्पादन क्षमता, आधारभूत संरचना तथा तकनीकी दक्षता को लगातार मजबूत कर रही है।

CCL CMD ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में चालू वित्तीय वर्ष में अब तक कोयला उत्पादन में लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। कंपनी अपने वार्षिक उत्पादन लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।

मगध परियोजना की उत्पादन क्षमता को 20 MTY से बढ़ाकर 24 MTY किया गया है। इसके अलावा नई परियोजनाओं, फॉरेस्ट लैंड डायवर्जन और रेल साइडिंग के विकास में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

पर्यावरण संरक्षण पर CCL का जोर

CCL CMD निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान प्राथमिकता दी जा रही है। सीसीएल के पास वर्तमान में 32.3 मेगावाट की स्थापित सौर ऊर्जा क्षमता है।

बरका-सयाल क्षेत्र में ओवरबर्डन डंप पर स्थापित 5 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र और गिरिडीह में 100 मेगावाट क्षमता वाले बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) से युक्त सौर परियोजना कंपनी की हरित ऊर्जा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

140 गांवों के ढाई लाख लोगों को मिल रहा लाभ

सामुदायिक विकास के क्षेत्र में सीसीएल के ‘Surplus Mine Water Utilization’ कार्यक्रम से करीब 140 गांवों के लगभग ढाई लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं।

वहीं, पिपरवार क्षेत्र के बचरा में स्थापित ‘कोल नीर बॉटलिंग प्लांट’ का संचालन महिलाओं द्वारा किया जाएगा। इससे महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता को भी बल मिलेगा।

सुरक्षा और मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सीसीएल के सुरक्षा जवानों, सीआईएसएफ, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

डीएवी गांधीनगर, केंद्रीय विद्यालय और ज्ञानोदय स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

तिरंगे गुब्बारे उड़ाकर दिया एकता का संदेश

कार्यक्रम के दौरान CCL CMD, निदेशकगण, CVO और अन्य अतिथियों ने तीन रंगों वाले गुब्बारे उड़ाकर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। समारोह का लाइव प्रसारण सीसीएल के आधिकारिक YouTube चैनल के माध्यम से किया गया, जिसमें कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत कर्मी भी जुड़े।

इससे पहले सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने दरभंगा हाउस परिसर और गांधीनगर अस्पताल में ध्वजारोहण किया तथा सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के अंत में CCL CMD निलेंदु कुमार सिंह ने सीसीएल परिवार के परिश्रम, समर्पण और ईमानदारी को सलाम करते हुए सभी से सुरक्षा, पारदर्शिता और सतत विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Jharkhand समेत देशभर के Important News पायें, Group Join करें

You may have missed