IITF-2026 में झारखंड की ग्रामीण महिलाओं के हुनर को मिला राष्ट्रीय मंच, ‘नीव हर्बल्स’ के प्राकृतिक उत्पादों ने खींचा ध्यान
नई दिल्ली/रांची: भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड की ग्रामीण महिलाओं की उद्यमशीलता और आत्मनिर्भरता की झलक देखने को मिल रही है। झारखंड पवेलियन राज्य सरकार के ग्रामीण विकास, महिला सशक्तीकरण और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने के प्रयासों को राष्ट्रीय मंच प्रदान कर रहा है। इसी क्रम में माननीय न्यायमूर्ति श्री अनिल कुमार चौधरी ने झारखंड पवेलियन का भ्रमण किया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर स्थानीय उत्पादों की सराहना की।
इस दौरान जमशेदपुर के हुरलुंग की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे ‘नीव हर्बल्स’ (Neev Herbals) के प्राकृतिक उत्पाद विशेष आकर्षण का केंद्र बने। महिलाओं के कौशल, मेहनत और आत्मनिर्भर बनने के संकल्प से तैयार यह ब्रांड स्थानीय हुनर को व्यावसायिक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरा है।
प्राकृतिक सामग्रियों से तैयार किए जा रहे हैं उत्पाद
नीव हर्बल्स की उत्पाद श्रृंखला में हस्तनिर्मित साबुन, परफ्यूम, मॉइस्चराइजर, लिपस्टिक, रोल-ऑन ऑयल और रूम एवं कार डिफ्यूजर शामिल हैं। इन उत्पादों की विशेषता इनके निर्माण में प्राकृतिक और पारंपरिक सामग्रियों का इस्तेमाल है।
हस्तनिर्मित साबुन तैयार करने में महुआ, नारियल और पाम ऑयल का उपयोग किया जाता है। वहीं, चंदन और जैस्मिन जैसे सुगंधित तेल इन उत्पादों को अलग पहचान देते हैं। ब्रांड की उत्पाद श्रृंखला में जोजोबा ऑयल आधारित रोल-ऑन और कुमकुमादि आधारित मॉइस्चराइजर भी शामिल हैं।
इसके अलावा, लिपस्टिक तैयार करने में गाय के घी और मधुमक्खी के मोम (बीजवैक्स) का इस्तेमाल किया जाता है। इनमें प्राकृतिक रंग के लिए अन्नाटो (Annatto) के बीजों का उपयोग किया जाता है। वहीं, आवश्यक तेलों से तैयार रूम और कार डिफ्यूजर भी ग्राहकों के लिए उपलब्ध हैं।
Jharkhand समेत देशभर के Important News पायें, Group Join करें
‘सिल्वर हाइट्स रोल-ऑन’ की बढ़ी मांग
नीव हर्बल्स की को-फाउंडर शिखा जैन ने बताया कि IITF-2026 में उनके उत्पादों को आगंतुकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। खासतौर पर ‘सिल्वर हाइट्स रोल-ऑन’ लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है और इसकी अच्छी मांग देखने को मिल रही है।
उन्होंने बताया कि नीव हर्बल्स के सभी उत्पाद 100 से 600 रुपये की किफायती कीमतों में उपलब्ध हैं। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक प्राकृतिक उत्पादों को पहुंचाना और उन्हें उचित कीमत पर विकल्प उपलब्ध कराना है।
महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भर झारखंड की दिशा में पहल
IITF-2026 में नीव हर्बल्स की भागीदारी झारखंड की ग्रामीण महिलाओं के कौशल और उद्यमशीलता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर प्रदान कर रही है। यह पहल दर्शाती है कि स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक ज्ञान और महिलाओं की मेहनत के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को मजबूत किया जा सकता है।
राष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड की इन महिला उद्यमियों की उपस्थिति राज्य की स्थानीय अर्थव्यवस्था, महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भर झारखंड के संकल्प को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
Jharkhand समेत देशभर के Important News पायें, Group Join करें