Popular Posts

होटवार जेल रांची

Ranchi News: रांची जेल में महिला कैदी के गर्भवती होने के मामले में जांच जारी, अब तक नहीं मिले पुख्ता सबूत

Ranchi News : रांची जेल में बंद एक महिला कैदी के गर्भवती होने के आरोपों को लेकर शुरू हुई जांच फिलहाल किसी ठोस निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी है। जिला प्रशासन की ओर से गठित जांच टीम ने जेल पहुंचकर मामले की गहन पड़ताल की, लेकिन अभी तक ऐसा कोई स्पष्ट साक्ष्य सामने नहीं आया है जिससे आरोपों की पुष्टि हो सके।

जानकारी के अनुसार, जांच टीम ने महिला बंदी के साथ-साथ जेल प्रशासन और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला कैदी पहले गर्भवती थी या वर्तमान में गर्भवती है।

Jharkhand समेत देशभर के Important News पायें, Group Join करें

दो दिनों तक चली जांच

इस मामले की जांच एडीएम राजेश्वर नाथ आलोक के नेतृत्व में गठित तीन सदस्यीय टीम कर रही है। टीम ने लगातार दो दिनों तक जेल परिसर में रहकर कई पहलुओं की जांच की। पूछताछ के दौरान जेल के कर्मचारियों और अन्य बंदियों से भी जानकारी जुटाई गई।

हालांकि, जांच के दौरान ऐसा कोई प्रमाण सामने नहीं आया जिससे लगाए गए आरोपों को सही ठहराया जा सके। अब जांच टीम अपनी विस्तृत रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपेगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

डालसा ने भी सौंपी अलग रिपोर्ट

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) ने भी स्वतंत्र रूप से जांच की है। डालसा की टीम ने अपनी रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी है। प्रशासन अब दोनों रिपोर्टों का अध्ययन कर आगे की रणनीति तैयार करेगा।

सूत्रों के मुताबिक, महिला बंदी की दोबारा मेडिकल जांच कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इस पर अंतिम फैसला उपायुक्त के निर्देश के बाद ही लिया जाएगा।

जेल प्रशासन ने आरोपों को बताया निराधार

इस पूरे मामले पर जेल अधीक्षक ने पहले ही आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। उनका कहना है कि जेल प्रशासन पर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं और वे किसी भी स्तर की जांच के लिए तैयार हैं।

मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन और जेल प्रशासन दोनों सतर्क हो गए हैं। फिलहाल सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और उपायुक्त के अगले फैसले पर टिकी हुई हैं।