CCL की अभिनव पहल : कोयलांचल के मेधावी विद्यार्थियों के लिए CCL Vidya Sarthi शुरू, JEE-NEET की मिलेगी निःशुल्क कोचिंग
रांची। Central Coalfields Limited (CCL) ने शिक्षा एवं सामाजिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए “CCL Vidya Sarthi” योजना की शुरुआत की है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को JEE एवं NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण तैयारी कराई जाएगी।
इस योजना के सफल संचालन के लिए CCL एवं National Computer Literacy Mission (NCSM) के बीच रांची स्थित मुख्यालय में एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह पहल कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के अंतर्गत शुरू की जा रही है।
Jharkhand समेत देशभर के Important News पायें, Group Join करें
CCL Vidya Sarthi से छात्रों को मिलेगा नई उड़ान का अवसर
“CCL Vidya Sarthi” योजना विशेष रूप से उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए तैयार की गई है, जो आर्थिक संसाधनों के अभाव में बड़े शहरों के महंगे कोचिंग संस्थानों तक नहीं पहुंच पाते। इस योजना के माध्यम से अब विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में आधुनिक एवं समग्र शैक्षणिक सुविधाओं के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिलेगा।
CCL का उद्देश्य ग्रामीण एवं कोयलांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है, ताकि वे IIT, NIT एवं मेडिकल संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर सकें।
400 विद्यार्थियों का होगा चयन
“CCL Vidya Sarthi” योजना के अंतर्गत वर्ष 2026 में 10वीं बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अधिकतम 400 विद्यार्थियों का चयन पारदर्शी प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को दो वर्षों तक व्यवस्थित एवं परिणामोन्मुख कोचिंग प्रदान की जाएगी।
इस योजना का लाभ उन छात्रों को मिलेगा जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय ₹8 लाख से कम है और जिनका निवास किसी भी CCL प्रतिष्ठान, खदान अथवा इकाई से 25 किलोमीटर की परिधि के भीतर है।
स्मार्ट क्लासरूम और डिजिटल लर्निंग की सुविधा
CCL द्वारा कमांड क्षेत्रों में स्थित 10 DAV विद्यालयों को अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र में आधुनिक स्मार्ट क्लासरूम स्थापित किए जाएंगे, जहां अनुभवी शिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को JEE एवं NEET की तैयारी कराई जाएगी।
“CCL Vidya Sarthi” के तहत विद्यार्थियों को डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म, अध्ययन सामग्री, पुस्तकें, नियमित मॉक टेस्ट, प्रदर्शन मूल्यांकन, विशेष सुधारात्मक कक्षाएं और राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों के साथ संवादात्मक सत्र जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को स्कूल बैग, स्टेशनरी सामग्री एवं अन्य आवश्यक अध्ययन सामग्री भी निःशुल्क प्रदान की जाएगी।
नियमित पढ़ाई के साथ होगी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी
विद्यार्थियों की स्कूली शिक्षा प्रभावित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए कक्षाओं का संचालन शनिवार एवं रविवार को विद्यालय की सामान्य पढ़ाई समाप्त होने के बाद किया जाएगा। इससे विद्यार्थी अपनी नियमित शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावी ढंग से कर सकेंगे।
शिक्षा के क्षेत्र में पहले से सक्रिय है CCL
उल्लेखनीय है कि CCL पूर्व से ही शिक्षा एवं प्रतिभा संवर्धन के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित कर रहा है। कंपनी की लोकप्रिय CSR योजना “CCL के लाल एवं CCL की लाडली” के तहत अब तक 194 विद्यार्थी IIT, NIT एवं अन्य प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर चुके हैं।
“CCL Vidya Sarthi” को इसी दिशा में एक नई और दूरदर्शी पहल माना जा रहा है, जो कोयलांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर करेगी।
सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास को मिलेगी नई दिशा
“CCL Vidya Sarthi” योजना न केवल विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए तैयार करेगी, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, लक्ष्यबोध और उज्ज्वल भविष्य के प्रति नई उम्मीद भी पैदा करेगी। CCL की यह पहल निश्चित रूप से क्षेत्र के सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास को नई गति देने में मील का पत्थर साबित होगी।
Bystander (Mukdarshak) In Dis Very World Of Showboat. Worked 4 #RajyaSabhaTV, #VirArjun ETC. Director- Auros MediaTech Convergence Private Limited.