Popular Posts

जिसे मृत समझकर दफनाया गया, वह एक हफ्ते बाद लौटा जिंदा

Jharkhand News : जिसे मृत समझकर दफनाया गया, वह एक हफ्ते बाद लौटा जिंदा; अब असली शव की पहचान में जुटी पुलिस

Jharkhand News : झारखंड के खूंटी जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां जिस व्यक्ति को मृत मानकर परिवार और ग्रामीणों ने पूरे रीति-रिवाज के साथ दफना दिया था, वह करीब सात दिन बाद अचानक जिंदा घर लौट आया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस अब उस अज्ञात शव की पहचान करने में जुटी हुई है, जिसे विश्राम मुंडा समझ लिया गया था।

Jharkhand समेत देशभर के Important News पायें, Group Join करें

शादी में जाने के बाद हो गया था लापता

जानकारी के मुताबिक, मारंगहादा थाना क्षेत्र के बिरजिला-पतराटोली गांव में अपने ससुराल में रहने वाले विश्राम मुंडा 6 मई को खूंटी के शेम्भूकेल गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे। इसके बाद वे घर वापस नहीं लौटे, जिससे परिजन परेशान हो गए और उनकी तलाश शुरू कर दी गई।

इसी बीच 11 मई को खूंटी थाना क्षेत्र के डड़गामा पीढ़ीटोली गांव के पास एक नाले से पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि किसी धारदार हथियार से हत्या करने के बाद शव को वहां फेंका गया था।

रांची जेल में महिला कैदी के गर्भवती होने के मामले में जांच जारी

शव को विश्राम मुंडा समझकर कर दिया अंतिम संस्कार

शव मिलने की सूचना पर विश्राम मुंडा के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। शव की शक्ल और कद-काठी काफी हद तक विश्राम मुंडा से मिलती-जुलती होने के कारण परिवार ने उसकी पहचान विश्राम मुंडा के रूप में कर ली।

कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिवार को सौंप दिया, जिसके बाद गांव में सामाजिक परंपराओं के अनुसार अंतिम संस्कार कर शव को दफना दिया गया।

एक सप्ताह बाद अचानक घर लौट आया व्यक्ति

मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब अंतिम संस्कार के करीब एक सप्ताह बाद विश्राम मुंडा अचानक खूंटी स्थित अपनी बेटी के किराये के मकान पर पहुंच गए। उन्हें जीवित देखकर परिवार और ग्रामीण हैरान रह गए।

विश्राम मुंडा ने बताया कि वे बिना किसी को जानकारी दिए रामगढ़ चले गए थे। उनके लौटने के बाद गांव में ग्रामसभा की बैठक भी हुई, जहां पंचायत मुखिया प्रेम टूटी ने पूरे मामले को लेकर अफसोस जताया।

अब पुलिस के सामने नई चुनौती

इस घटना के बाद पुलिस की जांच पूरी तरह बदल गई है। अब पुलिस उस अज्ञात शव की पहचान करने और हत्या की असली गुत्थी सुलझाने में लगी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।